Hand Craft Exhibition

4/13/2018

वसन्त कन्या महाविद्यालय, कमच्छा के गृह विज्ञान विभाग के द्वारा हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी ‘‘सुई धागा’’ का आयोजन विभागाध्यक्षा डा. संगीता देवडिया के निर्देशन में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन डा. लतिका खान, पूर्व विभागाध्यक्षा, गृह विज्ञान विभाग; श्रीमती उमा भट्टाचार्या, प्रबंधिका, व. क. पी. जी. कालेज तथा डा. रचना श्रीवास्तव प्राचार्या व. क. पी. जी. कालेज द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में बी. ए. तथा एम. ए. (गृहविज्ञान), तथा फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं द्वारा उनके पाठ्यक्रम के अनुसार बनाये गये विभिन्न हस्तकारी एवं दस्तकारी के नमूनों को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न प्रदेशों की पारंपरिक कढ़ाईयां मधुबनी, वर्ली, तथा गोंड कला के नमूनों के साथ ऑफ लूम बुनाई के उत्कृष्ट नमूनों को प्रदर्शित किया गया। बांधनी कला के द्वारा निर्मित दुपट्टे भी आकर्षण का केन्द्र रहे।

इस बार प्रदर्शनी में पुरा छात्राओं(पद्मा और गरिमा) के सहयोग से वर्तमान छात्राओं द्वारा कई स्टाल भी लगाये गये जिसमें अपारंपरिक चीजो पर लोक कला के नमूने गढ़ कर अद्भुत उत्पाद तैयार किये गये। कप, प्लेट पर मधुबनी कला को उकेर कर तथा क्विलिंग तकनीक द्वारा डिजाइनर कप प्लेट बना कर कुछ नये प्रयोग किये गये हैं। हस्त निर्मित ज्वेलरी प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रही। इस ज्वेलरी के साथ भी लोक कला, कढ़ाईयों, शिल्पकार का प्रयोग कर उन्हें रचनात्मक आयाम दिया गया। धागों से बनी ज्वेलरी काफी सराही गयी।

रेडी-टू-वियर वस्त्रों की कड़ी में भी कई नये रचनात्मक प्रयोग देखने को मिले। पारंपरिक खादी की जैकेट पर लोक कला तथा विभिन्न कढ़ाईयों के साथ ब्लाक छपाई का प्रयोग, टुपट्टे तथा कुर्ते पर खटवा वर्क, स्टेन्सिल, सेलोटेप तथा मुक्त हस्त छपाई द्वारा आकर्षक नमुने बनाये गये। छात्राओं के साथ-साथ विभाग के अशैक्षणिक कर्मचारियों योगिता विश्वकर्मा, वर्षा मौर्या तथा सोनी पटेल के सहयोग द्वारा भी कई आकर्षक अत्यन्त उपयोगी वस्तुओं विभिन्न प्रकार के फोल्डर, हैन्ड बैग, स्लिंग बैग, मोबाईल कवर आदि का निर्माण किया गया।

विभागाध्यक्षा तथा प्रदर्शनी की संयोजिका डा. संगीता देवडिया के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनकी कला के साथ पहचान दिलाना तथा उनके इन्टर्नशिप एवं जॉब प्लेसमेन्ट के लिए पृष्ठभूमि तैयार करना है। अपने ही विभाग के पुरा छात्राओं को विषय विशेषज्ञो के रूप में वर्तमान छात्राओं के सम्मुख लाना विषय की सुदृढ़ता को प्रदर्शित करता है।

इस प्रदर्शनी में शहर के वस्त्र एवं परिधान से जुड़े कई कारपोरेट हाउसेस, बुटिक एवं खादी एवं ग्रामोंद्योग विभाग से आये प्रतिनिधियो ने भी छात्राओं के हुनर को खूब सराहा तथा छात्राओं के इन्टर्नशिप के लिए हामी भरी। शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानो से भी छात्राएं तथा शिक्षिकायें आयी।

प्रदर्शनी के आयोजन में डा. गरिमा उपाध्याय, डा. अंशु शुक्ला, श्रीमती प्रियंका, डा. सुनीता दीक्षित के साथ शोध छात्राओं दिव्या ओझा, पूजा कनोडिया, महजबीं फातिमा तथा नेहा कुमारी ने सहयोग किया।

© 2017 Vasant Kanya Mahavidyalaya. All rights reserved. Developed by Rangoli IT Solutions